महासमुंद , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर व्यवस्था और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है।
महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को पत्रकार वार्ता आयोजित कर सरकार की बिजली नीतियों का विरोध किया और आम उपभोक्ताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि दो अगस्त से पार्टी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर स्मार्ट मीटर हटाने और बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग को लेकर आम लोगों से आवेदन एवं विरोध पत्र भरवाएंगे। यह अभियान दो महीने तक चलाया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर बिजली कार्यालयों का घेराव कर एकत्रित आवेदनों को अधिकारियों को सौंपा जाएगा और उनकी पावती ली जाएगी।
कांग्रेस के जिला महामंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक बिजली दरों में कुल 31.23 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि पहले 12 प्रतिशत ईंधन अधिभार लगाया गया और अब घरेलू, गैर-घरेलू तथा कृषि उपभोक्ताओं के लिए भी बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है।
कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़ गए हैं। पार्टी का दावा है कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार बढ़ाकर अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जिला स्तर के आंदोलन के बाद प्रदेशभर से एकत्रित आवेदनों के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। पार्टी ने बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित