रायपुर , जुलाई 31 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बिजली दरों में वृद्धि, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को लेकर राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शनिवार से शुरू करने की घोषणा की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि उनकी पार्टी एक अगस्त से प्रदेशभर में बिजली दर वृद्धि के विरोध में अभियान शुरू करेगी।

उन्होंने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में कल सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ता कर बिजली दरों में वृद्धि का विरोध किया जाएगा और बढ़ी हुई दरें वापस लेने की मांग की जाएगी। दूसरे चरण में दो अगस्त से कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने तथा बिजली दर वृद्धि के विरोध में उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाएंगे। यह अभियान दो महीने तक चलेगा।

श्री बैज ने कहा कि दो माह बाद जिलों में एकत्रित आवेदनों के साथ बिजली कार्यालयों का घेराव कर आवेदन जमा किए जाएंगे और उनकी पावती ली जाएगी। इसके बाद सभी जिलों से प्राप्त पावती के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तथा कृषि पंपों की बिजली दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की है। उनका दावा था कि भाजपा सरकार बनने के बाद बिजली दरों में यह पांचवीं वृद्धि है और अब तक कुल 31.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जा चुकी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद होने, बिजली दरों में लगातार वृद्धि तथा स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार बढ़ाया जा रहा है और स्मार्ट मीटर अधिक खपत दर्शाकर अतिरिक्त आर्थिक भार डाला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संसद में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अप्रैल 2026 में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को वैकल्पिक व्यवस्था बताया था। ऐसे में छत्तीसगढ़ में उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जाने पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस ने बिजली दरों में वृद्धि वापस लेने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः लागू करने तथा स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित