रायबरेली , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने सरकारी बिजली तार चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1 कुंतल 12 किलोग्राम एल्युमिनियम के बिजली तार, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा एक कार बरामद की है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर गणेशगंज गांव के पास से आरोपियों को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे चोरी की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में चार सीतापुर जिले तथा एक बहराइच जिले का निवासी है।

पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे दिन में सुनसान स्थानों की रेकी कर बिजली लाइनों को चिन्हित करते थे। रात में बिजली आपूर्ति बाधित करने के लिए तारों में शॉर्ट कर फ्यूज उड़ा देते थे, जिससे लाइन बंद हो जाती थी। इसके बाद मुख्य लाइन से एल्युमिनियम तार काटकर चोरी कर लेते थे। चोरी के तारों को छोटे टुकड़ों में काटकर कबाड़ियों को बेच दिया जाता था और प्राप्त धनराशि आपस में बांट ली जाती थी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ हिस्ट्रीशीटर भी हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के कई मामले दर्ज हैं। बरामद कार को सीज कर दिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित