भिण्ड , सितंबर 03 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के आलमपुर थाना क्षेत्र के अरूसी गांव में 11 केवी मेन लाइन का करीब तीन हजार मीटर तार चोरी हो जाने से लगभग 100 किसानों के पंपों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। नाराज किसानों ने अरूसी सब स्टेशन पर ताला लगाकर सभी फीडरों की बिजली बंद करा दी। बिजली विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब पांच घंटे बाद दोपहर दो बजे आपूर्ति बहाल की गई।
पुलिस के अनुसार, अरूसी सब स्टेशन से अरूसी पंप फीडर के लिए यह लाइन डाली गई है, जिससे करीब 100 किसानों के पंप संचालित होते हैं। पंप फीडर की बिजली नियमानुसार निर्धारित शिफ्ट के अनुसार चालू और बंद की जाती है। बुधवार रात करीब 10 बजे फीडर की आपूर्ति बंद की गई थी और अगले दिन इसे चालू किया जाना था। इसी दौरान चोरों ने मुख्य मार्ग पर लगे 12 खंभों के बीच 10 हिस्सों से तार काटकर चोरी कर लिया।
किसानों के खेतों पर पहुंचने पर खंभों से तार गायब मिला। चोरी हुए तार की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई गई है। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के सहायक यंत्री मयंक अरजरिया मौके पर पहुंचे और किसानों को जल्द तार डलवाकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई।
तार चोरी होने से करीब 100 किसानों की एक हजार बीघा से अधिक धान की फसल की सिंचाई प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि बारिश नहीं होने और गर्मी-उमस के कारण फसल पर असर पड़ रहा है। किसानों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर धान की फसल को नुकसान होने की आशंका जताते हुए प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।
स्थानीय किसानों के अनुसार, 13 जून को भी बाराही देवी मंदिर के पास कुरथर फीडर की करीब दो लाख रुपये कीमत की बिजली लाइन का तार चोरी होने की घटना सामने आई थी। इसके अलावा अरूसी से फरदुआ जाने वाली 11 केवी लाइन से करीब तीन लाख रुपये कीमत का तार चोरी होने की बात भी सामने आई थी।
बिजली विभाग ने तार चोरी के संबंध में आलमपुर थाने में आवेदन दिया है। सहायक यंत्री मयंक अरजरिया ने बताया कि किसानों को जल्द आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया गया है तथा पुलिस कार्रवाई के लिए थाने में आवेदन दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित