जयपुर , जून 05 -- राजस्थान में जयपुर डिस्कॉम की सतर्कता शाखा ने शुक्रवार को बगरू विद्युत सब डिवीजन क्षेत्र में पांच स्थानों पर बिजली चोरी पकड़कर करीब 14 लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) महेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि सतर्कता अधिकारी उपासना सिंह के नेतृत्व में सतर्कता दल ने प्रातः चेकिंग के दौरान क्षेत्र के ग्राम संजारिया में संचालित एक स्कूल में विद्युत चोरी पाये जाने पर वीसीआर भरी और एक लाख पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
मारुति नगर स्थित एक पाइप फैक्ट्री में विद्युत की चोरी कर उसका अनधिकृत उपयोग पाइप फैक्ट्री के साथ-साथ पानी का टैंकर भरने में भी किया जा रहा था, जिस पर सात लाख 39 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी तरह भैरू नगर स्थित तीन आवासीय परिसरों में विद्युत चोरी पायी गयी, इनमें दो प्रकरणों में तीन लाख 12 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। एक अन्य आवासीय परिसर में विद्युत चोरी कर उसका अनधिकृत उपयोग पानी का टैंकर भरने के लिए भी किया जा रहा था, जिस पर तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
टीम ने मौके से सभी मीटर एवं केबल जब्त कर विद्युत कनेक्शन काट दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित