श्रीगंगानगर , फरवरी 06 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में बिजली चोरी और बकाया वसूली को लेकर विद्युत विभाग ने शुक्रवार को अभियान चलाया।

अधीक्षण अभियंता नेमीचंद वर्मा के सख्त निर्देशों के बाद इस अभियान का नेतृत्व अधिशासी अभियंता (शहर) निशांत धुन्ना ने स्वयं संभाला। अभियान में सहायक अभियंता पंकज जोशी और कनिष्ठ अभियंता राकेश मीणा सहित विद्युत चोरी निरोधक थाने का स्टाफ, विद्युत निगम का तकनीकी दल और दलबल ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

अभियान चहल चौक जीएसएस के अधीन आने वाले विभिन्न इलाकों में चलाया गया, जिसमें चक 3 ई छोटी, नागोरी कॉलोनी, रामलाल कॉलोनी, साधु कॉलोनी, मौसम विभाग के सामने, रिद्धि गणेश कॉलोनी, प्रकाश कॉलोनी और नेहरा नगर जैसे क्षेत्र शामिल थे। दल ने घर-घर जाकर जांच की। इस दौरान बिजली की चोरी करने के लिए सीधे खाबों पर लगाई हुई कुल 30 अवैध कुंडियां हटाई गईं। इन कुंडियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर बिजली का दुरुपयोग हो रहा था।

अभियान के दौरान पांच ऐसे विद्युत उपभोक्ताओं की पहचान की गई, जिनके पास लंबे समय से बकाया बिल थे। इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए गए। इसके अलावा, बिजली चोरी में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों पर कुल एक लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया। अधिशासी अभियंता निशांत धुन्ना और सहायक अभियंता पंकज जोशी ने मौके पर ही चोरों को नियमित कनेक्शन लेने के लिए प्रेरित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित