जशपुर , जुलाई 02 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना पाठ क्षेत्र में 48 घंटे के भीतर बिजली गिरने से दो लोगों की मौत के बाद बगीचा जिला पंचायत की सामान्य सभा में यह मुद्दा प्रमुखता से उठा, जिसकी जानकारी गुरुवार को मीडिया को दी गयी।
जिला सदस्य राकेश गुप्ता ने लगातार हो रही जनहानि पर चिंता व्यक्त करते हुए पूरे पाठ क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में तत्काल तड़ित चालक उपकरण लगाने की मांग की।
जिला अध्यक्ष गायत्री नागेश की अध्यक्षता में आयोजित सामान्य सभा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विकास कार्यों की समीक्षा की जा रही थी। इसी दौरान श्री गुप्ता ने कहा कि सन्ना पाठ पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले 48 घंटे में दो लोगों की मौत हो चुकी है और कई मचान भी बिजली की चपेट में आकर जल चुके हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रत्येक पंचायत में तड़ित चालक लगाया जाना आवश्यक है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला सभा ने इस मांग पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बगीचा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनोद सिंह ने बताया कि जिला की सामान्य सभा में प्रत्येक पंचायत में तड़ित चालक लगाए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया है। प्रस्ताव के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही पंचायतों में तड़ित चालक स्थापित कराने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित