सहारनपुर , अक्टूबर 29 -- सहारनपुर में गुरुवार सुबह करीब पौने छह बजे कस्बा गंगोह के मोहल्ला गुजरान में तेज धमाके से लोगों की नींद खुल गई और वे अपने-अपने घरों से बाहर आ गए। पता चला कि मोहल्ले की बड़ी मस्जिद पर आसमानी बिजली गिर गई जिससे उसकी एक मीनार टूटकर दूर जा गिरी।
मस्जिद के इमाम मुफ्ती फाजिल ने बताया कि बिजली गिरने से मीनार का हिस्सा टूट गया और मस्जिद के कई विद्युत उपकरण भी फुंक गए। वहीं की रहने वाली एक महिला सरिता देवी ने बताया कि धमाके के बाद उनके घर की फिटिंग में आग लग गई और छत के लेंटर का कुछ हिस्सा उखड़ गया। घर की बिजली, पंखा, टीवी इत्यादि उपकरण खराब हो गए। वार्ड के सभासद हारून चौधरी ने बिजली गिरने से हुए नुकसान की जानकारी नकुड़ के तहसीलदार जसमिंदर सिंह को दी और प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने की मांग की।
तहसीलदार के निर्देश पर इलाके के लेखपाल सोनू कुमार और समीर कुमार ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनको भरोसा दिया कि बहुत जल्द उनके नुकसान की एवज में उचित मुआवजा दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित