मुरैना , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र में बिजली सुधारने के दौरान खंभे पर चढ़े एक अकुशल आउटसोर्स कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई, जिसके बाद परिजन शव रखकर धरने पर बैठ गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान देवेंद्र पाराशर के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में आउटसोर्स कर्मी के रूप में कार्यरत था। आरोप है कि उसे ग्राम छोले का पूरा में बिजली सुधारने के लिए जबरन खंभे पर चढ़ाया गया, जबकि वह इस कार्य में प्रशिक्षित नहीं था। खंभे पर चढ़ते ही उसे करंट लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन शव को बिजली विभाग कार्यालय के मुख्य द्वार पर रखकर धरने पर बैठ गए। उनके साथ पंकज उपाध्याय भी मौजूद हैं। उन्होंने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
विधायक ने आरोप लगाया कि घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारी मृतक को जिला अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़कर चले गए। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों पर मामला दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा।
उधर बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए समिति गठित कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। समाचार लिखे जाने तक धरना जारी था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित