मुरैना , जुलाई 17 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र में अज्ञात चोर 11 केवी विद्युत लाइन से करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा तार काटकर ले गए, जिससे आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विद्युत तार चोरी की घटना ग्राम जारह पंचायत क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुई। शुक्रवार सुबह कई गांवों में बिजली आपूर्ति बंद रहने पर ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो लाइन से करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा विद्युत तार गायब मिला।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सरायछोला थाना पुलिस और बिजली विभाग को दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद जारह पंचायत के आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है, जिससे किसानों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित