सीतापुर , सितंबर 13 -- उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के थाना मिश्रित क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर गांव में आज रविवार सुबह एक घर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में एक 10 वर्षीय बालक की मृत्यु हो गई और मां एवं बेटी गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भेजा गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने आज रविवार दोपहर बाद जानकारी देते हुए बताया की ग्राम गोपालपुर में कमलेश मौर्य के मकान में बिजली के शार्ट सर्किट से आज रविवार सुबह आग लग गई। जिसमें उसका 10 वर्षीय पुत्र एवं मां और बहन गंभीर रूप से झुलस गए। जिन्हें मिश्रिख अस्पताल उपचार हेतु भेजा गया। जहां पर 10 वर्षीय बालक को मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार शार्ट सर्किट से आग लगना प्रतीत होता है, गंभीर रूप से घायल मां एवं बहन को जिला चिकित्सालय उपचार हेतु भेजा गया है, शासन द्वारा निर्धारित सहायता के लिए राजस्व विभाग को सूचित कर दिया गया है, पुलिस मामले की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित