अलवर , जून 14 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में देवता गांव में शनिवार को करंट की चपेट में आने से एक बालिका की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रीति (03) पुत्री जयप्रकाश खारवाल अपने साथियों दीपांश और कुलवंत के साथ घर के पीछे खेल रही थी। इसी दौरान तीनों खेत से गुजर रही बिजली लाइन के नीचे लटके तारों के संपर्क में आ गये। इससे तीनों घायल हो गये। ग्रामीणों की मदद से बच्चों को तत्काल किशनगढ़बास के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी।

मृतका के दादा जय सिंह खारवाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि खेत से गुजर रहे बिजली के तार लंबे समय से असुरक्षित और लटके हुए थे। ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदार को मौखिक रूप से शिकायत करके तारों को ठीक कराने की मांग की थी लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।

परिजनों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की घोर लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित