विदिशा , जून 24 -- मध्यप्रदेश में विदिशा जिले के ग्यारसपुर क्षेत्र में विद्युत लाइन में अवरोध उत्पन्न कर शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा बिजली कर्मियों से अभद्रता और मारपीट करने के आरोप में एक व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सूत्रों के अनुसार अटारी खेजड़ा पंप फीडर की 11 केवी विद्युत लाइन को जानबूझकर बाधित किए जाने की शिकायत किसानों द्वारा की गई थी। किसानों का आरोप था कि ग्राम मढीपुर निवासी मालम सिंह उर्फ नाना राजपूत द्वारा विद्युत लाइन में अवरोध उत्पन्न करने से पिछले कई महीनों से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही थी, जिससे फसलों और सब्जियों को नुकसान पहुंच रहा था।

शिकायत के आधार पर 23 जून को विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि विद्युत लाइन के तीनों तारों को रस्सी से बांधकर फॉल्ट की स्थिति उत्पन्न की गई थी, जिससे आपूर्ति बाधित हो रही थी।

विद्युत कर्मियों द्वारा फॉल्ट दूर कर आपूर्ति बहाल करने की कार्रवाई के दौरान आरोपी ने कथित रूप से शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई, अभद्र व्यवहार किया तथा कर्मचारियों को धमकाया।

घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद थाना ग्यारसपुर में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।

विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि विद्युत चोरी, लाइन क्षति तथा विद्युत तंत्र में अवरोध उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही ड्यूटी के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से मारपीट अथवा शासकीय कार्य में बाधा डालने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित