चंडीगढ़ , मई 26 -- हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा है कि बिजली विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जान किसी भी मुआवजे से अधिक महत्वपूर्ण है और सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशंस वर्कर्स यूनियन, हिसार के पदाधिकारियों के साथ मंगलवार को बैठक में श्री विज ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जोखिमपूर्ण कार्यों में लगे सभी कर्मचारियों को आधुनिक सेफ्टी किट उपलब्ध कराई जाये और उनका उपयोग सुनिश्चित किया जाये। साथ ही सर्कल स्तर पर विशेष प्रशिक्षण भी आयोजित करने के निर्देश दिये गये।

बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने, दो फीडरों से बिजली लेने वाले डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर कार्रवाई तथा लंबित पदोन्नति मामलों के शीघ्र निपटारे पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पदोन्नति मामलों की वह स्वयं निगरानी करेंगे।

ऊर्जा मंत्री ने रिस्क अलाउंस को लेकर अन्य राज्यों की नीतियों का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने यूनियन पदाधिकारियों से हरियाणा को ऊर्जा क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने में सहयोग देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित