भिण्ड , मई 21 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान लोगों ने देर रात सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने भिण्ड नगर पालिका के पास ग्वालियर-इटावा मार्ग पर जाम लगाकर बिजली व्यवस्था के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, जिससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे से विभिन्न कॉलोनियों में बिजली गुल होने के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ने लगा। मध्यरात्रि के बाद वीरेंद्र नगर और आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भीषण गर्मी में घंटों बिजली बंद रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद दीपक शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शहर में बिछाई गई केबल लाइन, ट्रांसफार्मर और इंसुलेटर की गुणवत्ता पर आपत्ति जताई तथा मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

रात करीब एक बजे एसडीएम अखिलेश शर्मा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने का प्रयास किया। हालांकि लोगों ने बिजली आपूर्ति बहाल होने तक प्रदर्शन समाप्त करने से इनकार कर दिया। इसके बाद प्रशासन और बिजली कंपनी के अधिकारियों ने फाल्ट सुधारने का कार्य शुरू किया।

वही करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात तीन बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित