भरतपुर , मई 26 -- राजस्थान में डीग जिले के बृज नगर कस्बे में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में मंगलवार को महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करके जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी महिलायें भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए पंचायत समिति पहुंची, जहां उन्होंने उपखण्डाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि पिछले कई दिनों से कस्बे में बिना सूचना के बार-बार बिजली काटी जा रही है। इस कारण आमजन का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार कटौती से घरों में पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है, बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है और भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान की मांग करते चेतावनी दी कि बिजली कटौती की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे पंचायत समिति परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित