प्रयागराज , मई 24 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार, के ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर आम जनता की समस्याओं को उठाया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रयागराज शहर और जिले के अधिकांश क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर फुंकने या जलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनकी मरम्मत या बदलाव में कई दिन लग जाते हैं। इसके कारण लोगों को तीन से चार दिनों तक बिजली के बिना रहना पड़ रहा है।नेताओं ने यह भी कहा कि भीषण गर्मी के कारण बिजली न मिलने से पेयजल संकट गहरा गया है।

चूंकि अधिकांश क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बिजली पर निर्भर करती है, इसलिए लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए बढ़ती कठिनाइयों का उल्लेख किया।कांग्रेस नेताओं ने ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता बिजली संकट से जूझ रही है, जबकि मंत्री और विभागीय अधिकारी जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित