पटना , अप्रैल 23 -- बिहार के जमुई जिले के झाझा में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों का इलाज शुरू नहीं होने को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने जमुई के जिलाधिकारी व सिविल सर्जन को अपना स्पष्टीकरण भेज दिया है। 30 बेड के सीएचसी भवन के उदघाटन बाद उसे चालू नहीं किये जाने के संबंध में स्थानीय समाचार माध्यमो में खबर प्रकाशित की गई थी, जिसका शीर्षक था "30 बेड का सीएचसी भवन उदघाटन के बाद चालू नहीं" एवं "दो बार उद्घाटन पर इलाज नहीं हो सका शुरू, ताले में बंद स्वास्थ्य केंद्र।" जिसका स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लेते हुए जमुई के सिविल से इस मामले में सफाई मांगी थी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा प्रभारी ने जवाब में बताया है कि संवेदक द्वारा नवनिर्मित स्वास्थ्य के भवन में विद्युत् आपूर्ति का काम पूरा नहीं किया गया है। इसी कारण संवेदक ने भवन को अभी तक हस्तगत नहीं किया है। जिसके कारण इस 30 शय्या वाले नवनिर्मित भवन में मरीजों का इलाज नहीं हो रहा है। इन्हीं कारणों से झाझा के चरघरा निवासी निर्मला देवी के बीमार पति प्रदीप साव को अस्पताल में बेड नहीं मिल सका था। इस मामले में बिजली विभाग से भी स्पष्ट प्रतिवेदन की मांग की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित