भोपाल , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के निरीक्षण दल के साथ अभद्रता और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में थाना जहांगीराबाद में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

कंपनी के अनुसार शहर संभाग दक्षिण के जहांगीराबाद जोन में 21 अप्रैल 2026 को सहायक यंत्री जगदीश लोधी निरीक्षण दल के साथ गली बांस बहेरा, पातरा क्षेत्र स्थित एक उपभोक्ता के परिसर का निरीक्षण कर रहे थे। जांच के दौरान पाया गया कि 1.5 किलोवाट स्वीकृत भार के विरुद्ध लगभग 7.036 किलोवाट भार का गैर-घरेलू उपयोग किया जा रहा था।

निरीक्षण के दौरान टीम ने विद्युत अधिनियम 2003 और विद्युत प्रदाय संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए मीटर जब्त किया। इस दौरान उपभोक्ता प्रतिनिधि शोएब खान और किरायेदार शाहरुख खान ने दल के साथ असहयोग किया तथा गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली। आरोप है कि उन्होंने अधिकारियों को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद सहायक यंत्री की शिकायत पर थाना जहांगीराबाद में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित