मुरादाबाद/बिजनौर , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के चांदपुर तहसील क्षेत्र में इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा देने के बाद छह छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है। बताया गया कि गुरुवार शाम संस्कृत विषय की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्राएं परीक्षा केंद्र से निकलीं, लेकिन घर नहीं पहुंचीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार लापता छात्राओं में रोनिया गांव की दो, सियाउ गांव की दो और चांदपुर नगर की दो छात्राएं शामिल हैं। परीक्षा शाम करीब 5:15 बजे समाप्त हुई थी। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद रात करीब 10:30 बजे परिजनों ने चांदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी चांदपुर देशदीपक सिंह ने बताया कि छात्राओं की तलाश के लिए एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। अपुष्ट जानकारी के अनुसार लापता छात्राओं में से एक के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन हरिद्वार (उत्तराखंड) में मिली है, जिसके आधार पर पुलिस टीम वहां रवाना की गई है। इसके अलावा दिल्ली, काशीपुर और रुद्रपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी पुलिस की टीमें भेजी गई हैं।

शुक्रवार दोपहर तक छात्राओं का कोई सुराग नहीं लग सका है। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और छात्राओं की सुरक्षित वापसी की मांग को लेकर कुछ संगठनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। पुलिस का कहना है कि विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही छात्राओं का पता लगा लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित