पटना, सितम्बर 16 -- बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने बुधवार को कहा कि बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दामोदर रावत एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के विधिसम्मत और त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर कार्यक्रम के समन्वय के लिए पार्टी के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी शंभू कुशवाहा मौजूद रहे।

इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कल आठ लाख से अधिक बाढ़़ प्रभावित परिवारों को डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि भेजी है। उन्होंने कहा कि जो लोग किसी कारणवश छूट गए होंगे, उन्हें भी चिन्हित कर सहायता राशि भेजी जाएगी। 1260 से अधिक सामुदायिक किचेन का संचालन हो रहा है। त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं।

श्री सदा ने कहा कि आज केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान का बिहार आगमन हुआ है। वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और बाढ़़ से हुई क्षति का आकलन करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य, दोनों सरकारें बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही हैं। प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए राजग सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के दिशा निर्देश और मार्गदर्शन में प्रत्येक सोमवार से शुक्रवार तक जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसमें प्रदेशभर से आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की जाती है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित