बेंगलुरु , सितंबर 12 -- बेंगलुरु पुलिस ने बाल श्रम के खिलाफ चलाये गये बड़े शहरव्यापी अभियान में 114 बच्चों को छुड़ाया है।

अधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने नाबालिगों से मजदूरी कराने वाले प्रतिष्ठानों पर कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए उनके नियोक्ताओं को हिरासत में ले लिया है।

मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शहर में बाल मजदूरी के बढ़ते मामलों पर पुलिस को कड़ा रुख अपनाने का निर्देश दिया था, जिसके बाद यह बड़ा अभियान चलाया गया। समन्वित अभियान के तहत बेंगलुरु शहर पुलिस ने पूर्वी और उत्तर-पूर्वी मंडलों के गैरेज, बाजार, मरम्मत दुकानों, होटलों, बार और रेस्तरां सहित 917 कमर्शियल ठिकानों पर छापेमारी कर 71 बच्चों को मुक्त कराया।

इसी दौरान सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) ने सुबह 10 से दोपहर 12 बजे के बीच 67 थाना क्षेत्रों के 417 प्रतिष्ठानों में त्वरित छापेमारी कर 43 अन्य बच्चों को छुड़ाया। बेंगलुरु के जोखिम भरे और असंगठित कार्यस्थलों पर बच्चों से काम कराने की लगातार आ रही शिकायतों के बीच यह कार्रवाई बेहद अहम मानी जा रही है।

पुलिस ने मुक्त कराये गये बच्चों को आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस उनकी उम्र का सत्यापन कर रही है।

उत्तर मंडल के डीसीपी न्यामगोड़ा ने बताया कि बच्चों से मजदूरी कराने वाले मालिकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि छुड़ाये गये बच्चों के माता-पिता या अभिभावकों को भी जांच के लिए बुलाया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित