हाजीपुर , सितंबर 19 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले में बाल श्रम के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने सघन कार्रवाई की। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार के दिशा-निर्देश के आलोक में गठित धावादल द्वारा सहदेई बुजुर्ग एवं भगवानपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 02 बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया गया।

धावादल द्वारा मेसर्स मेघनाथ सर्विस सेन्टर, नयागंज, देसरी से एक बाल श्रमिक तथा मेसर्स न्यू साईकिल स्टोर, भगवानपुर स्टेशन रोड, भगवानपुर बाजार से एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया। पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि दोनों बाल श्रमिकों को नियमानुसार न्यूनतम मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया जा रहा था। बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 यथा संशोधित, 2016 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित