सहरसा , अक्टूबर 05 -- कोसी लोकमंच-बचपन बचाओ आंदोलन के संयोजक एवं राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित घूर्णन महतो ने कहा कि बिहार में बंधुआ और बाल श्रम के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा तथा मुक्त कराए गए बाल श्रमिकों के पुनर्वास के साथ उन्हें शिक्षा और रोजगार से जोड़ा जाएगा।
श्री महतो ने सोमवार को यहां यूनिवर्त्ता को बताया कि पिछले करीब 40 वर्षों से बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों में बाल श्रम के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बिहार में करीब 3,500 बाल श्रमिकों को मुक्त कराकर विद्यालयों में दाखिला कराया गया है। उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में दलालों के चंगुल से बाल श्रमिकों को मुक्त कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
बचपन बचाओ आंदोलन के संयोजक ने बताया कि नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कैलाश सत्यार्थी के सहयोग से देशभर में बाल श्रम के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। कारखानों, ढाबों, होटलों और दुकानों में बाल श्रमिकों से काम कराने पर रोक लगाने तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए भी जागरूकता अभियान जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित