पटना , जून 12 -- विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग में बाल श्रम उन्मूलन एवं बाल अधिकारों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के प्रधान सचिव राजेश कुमार ने की।

इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने शपथ ली कि वे किसी भी रूप में बाल श्रम का समर्थन नहीं करेंगे तथा 14 वर्ष से कम आयु के किसी भी बच्चे से श्रम कार्य नहीं कराएंगे। साथ ही समाज में बाल श्रम के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने और बच्चों को शिक्षा एवं विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

प्रधान सचिव श्री राजेश कुमार ने कहा कि बाल श्रम एक सामाजिक बुराई है, जिसके उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से बच्चों के अधिकारों की रक्षा तथा बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया तथा बाल श्रम मुक्त बिहार के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित