बारां , अप्रैल 20 -- राजस्थान में बारां जिले के छीपाबड़ौद थाना क्षेत्र के कई गांवों में रविवार को बाल विवाह के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के चलते तीन बालिकाओं के विवाह रुकवाये गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खजूरिया, खेड़ी जागीर और हरनावदाशाहजी गांवों में तीन नाबालिग बालिकाओं के विवाह रुकवाये गये। चाइल्ड हेल्पलाइन दल और सृष्टि सेवा समिति ने पुलिस एवं प्रशासन के सहयोग से मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार दल जब एक गांव में पहुंचा, तो वहां विवाह की पूरी तैयारियां चल रही थीं। मंगलगीत गूंज रहे थे, मेहमान मौजूद थे और डीजे पर लोग नाच रहे थे। दल को देखते ही मौके पर हड़कंप मच गया। विवाह संपन्न कराने पहुंचे पंडित मौके से भाग निकले, जबकि व्यवस्थाओं में लगे हलवाई एवं अन्य लोगों को दल ने सख्त चेतावनी देकर मौके से हटाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित