बालोद , अक्टूबर 29 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 13 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। जिले के रनचिरई थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के संबंध में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता गांव के विद्यालय की छात्रा है । गत 14 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वह पेन खरीदने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दो युवकों ने उसे डराकर एक मकान में पहुंचाया, जहां तीसरे युवक को भी बुलाया गया। शिकायत के मुताबिक, तीनों ने छात्रा को मकान की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

परिजनों के अनुसार, छात्रा के रात 8 बजे तक घर नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। रात करीब 11 बजे परिवार को जानकारी मिली कि गांव के कुछ युवक बच्ची को बेहोशी की हालत में एक परिचित के घर लेकर पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही परिजन वहां पहुंचे और छात्रा को उपचार के लिए गुंडरदेही अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद अगले दिन उसे घर वापस लाया गया।

घटना के बाद छात्रा के व्यवहार में बदलाव आने लगा। वह लगातार डरी-सहमी और गुमसुम रहने लगी थी। परिजनों द्वारा बार-बार पूछने पर घटना के 12 दिन बाद, 26 अक्टूबर को उसने अपनी मां को कथित वारदात की जानकारी दी।

बेटी से घटना की जानकारी मिलने के बाद उसकी मां 27 अक्टूबर को परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ रनचिरई थाने पहुंची तथा तीनों युवकों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(1), 70(2), 137(2) और 127(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4(2) और 6 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने 28 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित