बालोद , जुलाई 23 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के बिजली के खंभे से टकरा जाने से एक इंजीनियरिंग छात्रा की मृत्यु हो गई, जबकि उसके परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे दल्लीराजहरा के मेन रोड स्थित हिंदू होटल के सामने हुई। डौंडी के बंधियापारा निवासी एक परिवार के छह सदस्य ग्राम चिपरा-कुसुमकसा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के बाद स्विफ्ट कार (सीजी 07 बीएम 1040) से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।

हादसे के समय कार 55 वर्षीय रंजीत पाटिल चला रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में 24 वर्षीय शारदा पाटिल की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कार में सवार परिवार के अन्य पांच सदस्य घायल हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित