बालोद , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पिछले करीब 36 घंटे से जारी भारी बारिश के कारण दुर्ग-दल्लीराजहरा रेलखंड पर लाटाबोड़ और गुंडरदेही रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा धंस गया। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पांच ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया, जबकि एक ट्रेन को आंशिक रूप से रद्द किया गया है।

रेलवे के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार लाटाबोड़ और गुंडरदेही के बीच इरागुड़ा के पास भारी बारिश और जलभराव के कारण रेलवे ट्रैक प्रभावित हुआ। इसके चलते दुर्ग से दल्लीराजहरा की ओर जा रही डीटीएम पैसेंजर ट्रेन संख्या 18817 को सुबह करीब 03:35 बजे गुंडरदेही रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। ट्रेन करीब तीन घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही।

घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे की इंजीनियरिंग टीम और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान मौके पर पहुंचे। रायपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दयानंद समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

ट्रैक की जांच के बाद सुबह करीब 06:40 बजे कॉशन ऑर्डर जारी किया गया। इसके बाद प्रभावित हिस्से से ट्रेन को धीमी गति और सुरक्षा उपायों के बीच आगे रवाना किया गया। रेलवे की तकनीकी टीम ट्रैक की मरम्मत में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित