बालोद , मार्च 05 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। डौंडी थाना अंतर्गत राम जानकी मंदिर के समीप तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से लूना सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया।

मृतक की पहचान ग्राम परसोदा निवासी सामसाय मसियारे (55) के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ट्रक दल्लीराजहरा की ओर से आ रहा था, जबकि लूना सवार मथाई चौक से डौंडी की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान राम जानकी मंदिर के पास ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लूना सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले चक्का जाम के कारण भानुप्रतापपुर-बालोद-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध रहा। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले के दोषी पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित