बालोद , अक्टूबर 05 -- छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में सोमवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही 22 वर्षीय छात्रा पर एक युवक ने एसिड से हमला कर दिया। हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा, चेहरा और आंख के आसपास का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर स्थानांतरित किया गया है।

पुलिस के अनुसार घटना बालोद थाना क्षेत्र में आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी की है। छात्रा एमए की पढ़ाई पूरी कर चुकी है और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। आज दोपहर वह आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उस पर एसिड डाल दिया।

हमले के बाद तेज जलन से छात्रा चीखने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। एसिड के कारण उसके शरीर का दाहिना हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है, जबकि चेहरे और आंख के आसपास भी जलने के घाव हैं। पीड़िता बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक पैदल ही आमापारा केनाल की ओर भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही टीआई, एसपी और एएसपी समेत प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।

घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने छात्रा पर किस प्रकार के एसिड का इस्तेमाल किया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित