बालोद , मार्च 06 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुण्डरदेही थाना क्षेत्र के खेरूद गांव में एक किसान के खलिहान में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया।

खलिहान में आग लगने से तीन महिंद्रा ट्रैक्टर, एक कार और लगभग 160 बोरी धान जलकर पूरी तरह खाक हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह सभी सामान किसान राजेश यदु के खलिहान में रखा हुआ था। उन्होंने बताया कि कल देर रात अचानक आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

फिलहाल आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। आग की चपेट में आने से सीसीटीवी का हार्ड डिस्क भी जल गया, जिससे घटना का कारण पता लगाना मुश्किल हो गया है।

सूचना मिलने पर गुण्डरदेही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी हार्ड डिस्क को कब्जे में लेकर डेटा रिकवर करने की प्रक्रिया शुरू की है। डेटा रिकवर होने के बाद ही आग लगने के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित