बालोद , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अधिक ट्रिप लगाने की होड़ और लगातार माल ढुलाई के दबाव के कारण शनिवार सुबह एक ट्रक चालक को झपकी लग गयी और अनियंत्रित ट्रक ने पहले सड़क किनारे खड़ी हाइवा को टक्कर मारी फिर बिजली पोल तोड़ते हुए घर से लगी एक दुकान में जा घुसा। गनीमत रही कि समय रहते ग्रामीण वहां से हट गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
यह घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के ग्राम पथराटोला की है। आज सुबह करीब सात बजे आलापल्ली से रायपुर की ओर जा रहा ट्रक दल्लीराजहरा-बालोद मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित हो गया। चालक को झपकी आने के कारण ट्रक पहले सड़क किनारे खड़ी हाइवा से टकराया और फिर बिजली पोल को तोड़ते हुए ग्रामीण भादूराम कोसमा की दुकान में जा घुसा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक दुकान की ओर तेजी से बढ़ता देख मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए। ट्रक में कच्चा लोहा (आयरन ओर) भरा हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि चालक अत्यधिक नींद में प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक और चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि टक्कर के झटके से खड़ी हाइवा भी आगे बढ़ने लगी लेकिन पास में मौजूद उसके चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर वाहन को नियंत्रित कर लिया, जिससे संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। टक्कर के कारण एक बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गया और करीब 200 मीटर तक बिजली के तार खिंच गए। घटना के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पोल और तारों की मरम्मत में जुट गई।
हालांकि ट्रक की रफ्तार अपेक्षाकृत कम थी, जिससे वह पूरी तरह घर के भीतर प्रवेश नहीं कर पाया और बड़ा नुकसान टल गया। समाजसेवी दानी साहू ने बताया कि लगातार माल ढुलाई और अधिक ट्रिप लगाने के दबाव में चालकों को पर्याप्त आराम नहीं मिल पाता, जिससे इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं।
फिलहाल इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है लेकिन दुकान और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित