बांका , सितंबर 15 -- बिहार में बांका जिले के सदर थाना क्षेत्र के लकड़ीकोला के पास चांदन नदी से अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किये जाने से नाराज बालू माफिया के एक दल ने पुलिस और खनन विभाग की टीम पर हमला कर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि खनन विभाग की टीम ने लकड़ीकोला गांव के पास चांदन नदी से अवैध रूप से बालू ले जा रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया था। टीम ट्रैक्टर को थाना ले जा रही थी, तभी बालू माफिया के दल ने पुलिस और खनन कर्मियों पर हमला कर दिया तथा पथराव शुरू कर दिया।हमलावरों ने खनन विभाग की जेसीबी मशीन और पुलिस वाहन में तोड़फोड़ की, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गये। हमले में छह कर्मियों को चोट लगी है।
सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने 28 नामजद एवं अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर मामले की छानबीन कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित