गोपालगंज,09अप्रैल(वार्ता)बिहार में गोपालगंज जिले के रूपनछाप और बतरदे गांव के समीप गुरुवार को बालू के अवैध खनन को लेकर जिला प्रशासन ने छापेमारी कर दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी जब्त किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रभारी जिला खनन पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में गंडक नदी में अवैध बालू खनन के खिलाफ रूपनछाप और बतरदेह घाटों पर बड़ी कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान अवैध खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया गया।
सूत्रों ने बताया कि ट्रैक्टरों के जरिए बालू का अवैध खनन कर जेसीबी से उसकी लोडिंग की जा रही थी। प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
गोपालगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि जब्त वाहनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने साफ शब्दों में कहा कि गंडक नदी में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी निगरानी रखने और लगातार छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध खनन में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित