कांकेर , मार्च 07 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम हाटकोंगरा में 6 वर्षीय एक बच्ची के साथ दो युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एमएलसी रिपोर्ट में बच्ची के साथ बलात्कार किये जाने की पुष्टि हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार की देर रात की है। बच्ची अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। आरोपियों का कहना है कि वे घर में रखा महुआ चोरी करने के इरादे से अंदर घुसे थे। लेकिन चोरी के दौरान बच्ची को देखकर उनकी नीयत बिगड़ गई। आरोपी बच्ची को घर से लगभग तीन सौ मीटर दूर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके बाद उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की रात करीब साढ़े बारह बजे नींद खुली तो वह बिस्तर पर नहीं थी। आस-पास काफी खोजबीन करने के बाद भी जब बच्ची का पता नहीं चला, तो परिजनों ने कोतवाली थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर बच्ची को अचेत अवस्था में पाया।
एएसपी साहू ने बताया कि बच्ची की हालत गंभीर देखते हुए उसे तुरंत मेडिको लीगल केस (एमएलसी) के लिए अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में बलात्कार की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तत्काल मामला दर्ज कर लिया। संदेह के आधार पर पुलिस ने ग्राम हाटकोंगरा निवासी अनिल जैन और ग्राम सिदेसरा निवासी रोहित जैन को हिरासत में लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित