अजमेर , अक्टूबर 12 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने बालिका शिक्षा में किये गये निवेश को सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा है कि शिक्षित बालिकाएं न केवल अपने परिवार और समाज को नई दिशा देती हैं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
श्री चौधरी ने रविवार शाम अजमेर जिले में किशनगढ़ के मदनगंज में अग्रवाल गर्ल्स कॉलेज, अग्रवाल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं अग्रवाल पब्लिक स्कूल द्वारा आयोजित 79वें वार्षिकोत्सव में भाग लेते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास, नवाचार और रचनात्मक सोच का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान नई पीढ़ी को ज्ञानवान, संस्कारवान और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक उपलब्धि उसके विद्यार्थियों की सफलता, शिक्षकों का समर्पण और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी में निहित होती है। शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों से स्थापित परंपराओं और मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए विद्यार्थियों को बदलते समय की चुनौतियों के अनुरूप तैयार करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आजादी से पूर्व स्थापित इस शिक्षण संस्थान की लगभग आठ दशक की गौरवशाली यात्रा शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के प्रति समर्पण का प्रेरक उदाहरण है। संस्थान के संस्थापक शिक्षाविदों एवं अग्रवाल परिवार ने उस दौर में बालिका शिक्षा को लेकर जो दूरदर्शी सोच अपनाई, वह आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुकी है। इस संस्थान ने शिक्षा के माध्यम से अनेक विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने और समाज के विकास में योगदान देने का कार्य किया है।
इस अवसर पर श्री चौधरी ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षण संस्थान परिवार के साथ आत्मीय संवाद किया तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
वार्षिकोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित