हरिद्वार/देहरादून , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड यूथ महिला एवं पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता 2026 में बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी है।

रविवार को योगस्थली खेल परिसर के मल्टीपरपज हॉल में प्रतियोगिता का भव्य समापन किया गया। इस अवसर पर रेखा आर्या ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तेजी से बॉक्सिंग का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है और वह दिन दूर नहीं जब प्रदेश के खिलाड़ी ओलंपिक खेल तथा कॉमनवेल्थ गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का झंडा लहराएंगे।

श्रीमती आर्या ने कहा कि खेल कौशल को विकसित करने के लिए मेहनत, समर्पण और अनुशासन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकार आउट ऑफ टर्न नौकरी की व्यवस्था पहले से लागू कर चुकी है।

प्रतियोगिता में राज्य के सभी 13 जनपदों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम ओवरऑल चैंपियन बनी। जबकि पिथौरागढ़ स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम रनर अप रही।

बालिकाओं के 45 से 48 किलोग्राम वर्ग में पिथौरागढ़ की जया ने गोल्ड मेडल, सविता ने सिल्वर मेडल और नेहा व गुंजन ने ब्रोंज मेडल जीता। जबकि 48 से 51 किलोग्राम वर्ग में कोमल लोहिया ने गोल्ड, कृष्णा ने सिल्वर और ऋतु व वैष्णवी ने ब्रॉन्ज मेडल जीते। 54 से 57 किलोग्राम वर्ग में पिथौरागढ़ की बबीता ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि इसी प्रतियोगिता में सलोनी ने सिल्वर मेडल अंशिका और रिया ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित