अलवर , फरवरी 24 -- राजस्थान में बीकानेर जिले के रणजीतपुरा गांव में हुए सैन समाज की कक्षा आठ की बालिका से दुष्कर्म करके उसकी हत्या करने के विरोध में राजगढ़ सैन समाज के लोगों ने मंगलवार को उपखंड कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन दिया।

राष्ट्रीय नाई महासभा, राजस्थान के प्रदेश मीडिया प्रभारी महावीर सैन ने बताया कि बीकानेर जिले के वज्जू थाना क्षेत्र के रणजीतपुरा के गांव की 13 वर्षीय बालिका 21 फरवरी को आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने घर से निकली थी। उसका शव रोही क्षेत्र में अर्धनग्न हालत में मिला। बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या की गयी। इसके विरोध में समाज का तीन दिन से धरना प्रदर्शन जारी है।

श्री सैन ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय, किसी एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री राहत कोष से नियमानुसार सहायता राशि एवं अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित