चंडीगढ़ , जुलाई 15 -- शिरोमणि अकाली दल (पुनर-सुरजीत) के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने मानसा जिले के गांव बीरेवाला जट्टां में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की कथित बेअदबी की घटना पर गहरा दुख जताते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
बुधवार को यहां जारी एक प्रेस बयान में ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि इस तरह की घटनाएं दर्शाती हैं कि इनके पीछे शामिल लोगोंमें न तो भगवान का भय है और न ही कानून का। उन्होंने कहा कि सरकार का यह दावा भी गलत साबित हुआ है कि कड़े कानून बनने के बाद ऐसी घटनाओं पर रोक लग जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार सामने आ रही बेअदबी की घटनाएं किसी गहरी साजिश का हिस्सा प्रतीत होती हैं, जिसका उद्देश्य सिख समुदाय की भावनाओं को भड़काना है। उन्होंने कहा कि लगातार सरकारें इन घटनाओं के असली दोषियों की पहचान करने में विफल रही हैं।
ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि अब सिख समुदाय को स्वयं श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सुरक्षा की जिम्मेदारी अधिक गंभीरता से निभानी होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि इस विषय पर एक पंथक एकत्रीकरण बुलाया जाये और श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से निर्देश जारी किये जायें कि जहां भी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश हो, वहां उनकी सुरक्षा के लिए एक या दो सशस्त्र सिख स्वयंसेवक चौबीसों घंटे तैनात रहें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित