जालंधर , मई 14 -- पंजाब छात्र संघ ने हाल ही में हुई नीट परीक्षा में सामने आयी अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं पर कड़ा रोष जताया है और केंद्र सरकार एवं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की कार्यप्रणाली को विफल बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रवि लोहगढ़ और प्रदेश महासचिव गगनदीप ने गुरुवार को यहां एक बयान में कहा कि यह केवल प्रशासनिक गलती नहीं, बल्कि लाखों मेहनती विद्यार्थियों के सपनों की हत्या है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी और उनके माता-पिता वर्षों मेहनत कर तथा अपनी जमा पूंजी खर्च कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की नाकामी ने उनके भविष्य को अंधेरे में धकेल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सरकार ऐसी अहम परीक्षाओं की पवित्रता बनाये रखने में पूरी तरह असफल रही है।
पंजाब स्टूडेंट्स फेडरेशन नेताओं ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होना शिक्षा व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच करवाई जाये, ताकि इसके पीछे छिपे असली दोषियों को बेनकाब किया जा सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को मानसिक और शैक्षणिक रूप से भारी नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई आसान नहीं है।
पंजाब स्टूडेंट्स फेडरेशन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द विद्यार्थियों को न्याय नहीं दिया और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता नहीं लाई, तो संगठन राज्य स्तर पर रोष प्रदर्शन करेगा। संगठन ने सभी विद्यार्थियों और इंसाफ पसंद लोगों से इस संघर्ष में एकजुट होने की अपील भी की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित