शामली , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के शामली जिले में यातायात नियमों की लगातार अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। पांच या उससे अधिक बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 51 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। विभाग की कार्रवाई से नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में खलबली मच गई है।
एआरटीओ प्रवेश कुमार ने बताया कि पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का रिकॉर्ड तैयार किया गया था। जांच में सामने आया कि कई चालक लगातार चालान होने के बावजूद नियमों का पालन नहीं कर रहे थे। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 51 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने और तेज गति से वाहन चलाने के सामने आए हैं। कुछ मामलों में नशे की हालत में वाहन चलाने पर भी कार्रवाई की गई है।
एआरटीओ ने कहा कि सड़क हादसों की रोकथाम के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित