चंडीगढ़ , जुलाई 12 -- पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार लगातार कर्ज लेकर पंजाब को गहरे वित्तीय संकट की ओर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों ने "खुशहाल पंजाब" के सपने को "कंगाल पंजाब" में बदल दिया है।
श्री ढिल्लों ने रविवार को जारी बयान में कहा कि पंजाब सरकार के वित्त विभाग द्वारा 10 जुलाई को जारी अधिसूचना, जिसके तहत 7.55 प्रतिशत पंजाब एसजीएस-2033 बॉन्ड के पुनः निर्गम के जरिए 1,000 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने का निर्णय किया गया है। जो वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के राजस्व वृद्धि संबंधी दावों की पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री चीमा अपने बयानों और प्रेस वार्ताओं में जीएसटी, वैट और आबकारी राजस्व में लगातार बढ़ोतरी का दावा करते हैं लेकिन सरकार का बार-बार बाजार से कर्ज लेना इन दावों के विपरीत तस्वीर पेश करता है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कर्ज लेने के आंकड़े ही सरकार की वास्तविक वित्तीय स्थिति को उजागर करते हैं। उनके अनुसार, 2022-23 में करीब 24 हजार करोड़ रुपये, 2023-24 में लगभग 28 हजार करोड़ रुपये और 2024-25 में 34,201 करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया। वहीं 2025-26 में जनवरी तक 20,770 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लिया जा चुका था, जबकि पूरे वित्तीय वर्ष में 49,900 करोड़ रुपये तक कर्ज लेने की योजना बनाई गई थी। अब इसके अतिरिक्त 1,000 करोड़ रुपये का नया कर्ज भी लिया जा रहा है।
श्री ढिल्लों ने दावा किया कि 2022 में पंजाब पर लगभग 2.82 लाख करोड़ रुपये का बकाया कर्ज था, जो बढ़कर करीब 4.17 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जबकि अनुमान है कि 2026-27 तक यह 4.48 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पिछले चार वर्षों में सरकार का राजस्व लगातार बढ़ा है तो फिर उसे बार-बार बाजार से नया कर्ज लेने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार वर्तमान वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए भविष्य की पीढ़ियों पर कर्ज का बोझ डाल रही है।
भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री मान और वित्त मंत्री चीमा से पंजाब की वास्तविक वित्तीय स्थिति जनता के सामने रखने तथा लगातार कर्ज लेने के बजाय राज्य के बढ़ते ऋण को कम करने के लिए ठोस और विश्वसनीय रोडमैप प्रस्तुत करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित