भरतपुर , अगस्त 12 -- राजस्थान में भरतपुर के बयाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम हुई तेज बारिश के बाद कुछ देर के लिए जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बे में सड़कों पर दुपहिया वाहनों एवं अन्य सामान के बहने के साथ बरसात का पानी दुकानों के अंदर घुस गया। अनाज मंडी में रखी फसलें भीग गई। इस सबके बीच इलाके के प्राकृतिक झरने भी बह उठे।
बारिश के बाद कस्बे के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया। सड़कों पर तेज बहाव के साथ जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बयाना कस्बे की शिवगंज अनाज मंडी में सड़कों एवं आढ़तों में करीब चार फुट तक पानी भर गया।
मंडी सूत्रों ने बताया कि मंडी में रखी व्यापारियों और किसानों की फसल पानी में डूब जाने से करीब पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। बुधवार को व्यापारियों एवं किसानों ने कस्बे के निकासी प्रणाली सुधारने की माँग करते आंदोलन की चेतावनी दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित