फलौदी , मार्च 21 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राजस्थान के फलौदी जिले में बरसात से फसलों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन के बाद रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को भेजने के प्रशासन को निर्देश दिए है।
श्री शेखावत शनिवार को फलौदी जिले में स्थित बापिणी पंचायत समिति एवं लोहावट पंचायत समिति मुख्यालय में जनसुनवाई कर रहे थे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं को लेकर निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि कुछ समय पहले ही क्षेत्र में बारिश के कारण फसलों को नुकसान हुआ है। श्री शेखावत ने जिला कलेक्टर को निर्देश दिए कि नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाए। रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को भेजी जाए ताकि प्रभावित किसानों को फसल नुकसान का उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने पंचायत समिति मुख्यालय में अपने स्वागत अभिनंदन के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने बापिणी स्थित श्री मेंहोजी महाराज मंदिर में दर्शन भी किए।
उन्होंने लोहावट पंचायत समिति मुख्यालय में जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनी और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत 22 दिव्यांगों को नि:शुल्क स्कूटी भेंट की गई। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की सीख दी गई। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पंचायत समिति मुख्यालय परिसर में पौधा लगाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित