चंदौली , सितंबर 9 -- चकिया कोतवाली क्षेत्र में भारी बारिश से प्रभावित गांवों में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग खुद पीड़ित परिवारों की चौखट तक पहुंचे। उन्होंने बहोरा (कुर्थिया), सिकठिया (चित्तौड़ी) और पिपराकला गांवों में बारिश से क्षतिग्रस्त और ढहे मकानों का जायजा लिया। पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को तत्काल राहत एवं पुनर्वास की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
डीएम ने गांवों में कई स्थानों पर पैदल पहुंचकर बारिश से हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति देखी। उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर आर्थिक सहायता, आवास और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली। पिछले वर्ष बारिश में बेघर हुए परिवारों के लिए बनाए गए नए आवासों का भी भौतिक सत्यापन किया।
ग्रामीणों से संवाद के दौरान डीएम ने बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछा और महिलाओं से स्वयं सहायता समूह, शौचालय, आयुष्मान कार्ड, राशन तथा मनरेगा रोजगार की स्थिति जानी। उन्होंने एसडीएम और बीडीओ को निर्देश दिया कि एक भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। छूटे हुए पात्र लोगों के तत्काल आवेदन कराकर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित