चंडीगढ़ , अगस्त 07 -- चंडीगढ़ में कुछ दिन पहले हुई तेज बारिश के दौरान कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के बाद मेयर सौरभ जोशी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार से मानसून से पहले की गई तैयारियों और सीवरेज सफाई का विस्तृत रिकॉर्ड मांगा है।
मेयर ने कहा कि बारिश के बाद उन्हें पहली बार जानकारी मिली कि नगर निगम के पास आधुनिक और महंगी मशीनें मौजूद हैं, जिनका इस्तेमाल बरसात से पहले सीवरेज और बारिश के पानी की निकासी वाली भूमिगत पाइपलाइनों की सफाई के लिए किया जाता है। इसके बावजूद इन मशीनों का प्रभावी इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया, यह बड़ा सवाल है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम हर साल मानसून से पहले तैयारियों के नाम पर टेंडर जारी करता है और एजेंसियों की नियुक्ति की जाती है। एजेंसियों के कर्मचारी सड़कों, गलियों और गटर के ढक्कन खोलकर सफाई करते हैं। लेकिन केवल ऊपर से सफाई करने से जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित