छिंदवाड़ा , अगस्त 01 -- मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के हर्रई थाना क्षेत्र के ग्राम छाताकला में शनिवार को बारिश के दौरान स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक वैन के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर कर पलट जाने से उसमें सवार नौ स्कूली बच्चे घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार सनशाइन स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान छाताकला के पास बारिश के बीच घुमावदार मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। वैन सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घटना देख आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही हर्रई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि छाताकला क्षेत्र की सड़क पर कई तीखे और घुमावदार मोड़ हैं। बारिश के मौसम में सड़क पर फिसलन बढ़ जाने से वाहन अनियंत्रित होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।

हादसे के बाद पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और घुमावदार मार्गों पर धीमी रफ्तार से वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित