लखनऊ , अगस्त 16 -- गौर गोरखपुर लायंस ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के चौथे वर्षा बाधित मुकाबले में लखनऊ फाल्कन्स को डीएलएस पद्धति से चार विकेट से हराया।
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार रात खेले गए मुकाबले में गोरखपुर लायंस ने 15 ओवर में 100 रन के संशोधित लक्ष्य को दो गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी गोरखपुर लायंस के गेंदबाजों ने लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत खराब कर दी। पावरप्ले के भीतर ही फाल्कन्स का स्कोर पांच विकेट पर 31 रन हो गया। छठे ओवर में प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके।
इसके बाद सत्यम पांडे ने पारी को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने विप्रज निगम के साथ उपयोगी साझेदारी की। निगम 10 रन बनाकर आउट हो गए, जिसके बाद अजीत वर्मा ने पांडे का साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को संभालते हुए स्कोर आगे बढ़ाया। बारिश के कारण 14.3 ओवर के बाद खेल रोकना पड़ा। उस समय लखनऊ का स्कोर छह विकेट पर 88 रन था। बाद में मैच को 15-15 ओवर का कर दिया गया। पारी की अंतिम तीन गेंदों में छह रन जोड़कर फाल्कन्स ने छह विकेट पर 94 रन का स्कोर खड़ा किया। डीएलएस पद्धति के तहत गोरखपुर को 15 ओवर में 100 रन का लक्ष्य मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लायंस की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। आरसीबी के तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने दूसरे ओवर में लगातार दो विकेट लेकर टीम को दबाव में ला दिया। उन्होंने अभय प्रताप सिंह (10) और कप्तान आर्यन जुयाल (0) को पवेलियन भेजा।
इसके बाद सिद्धार्थ यादव ने जिम्मेदारी संभाली और 27 गेंदों पर 39 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। हालांकि लखनऊ फाल्कन्स ने भी लगातार दबाव बनाए रखा। विप्रज निगम ने प्रभावी स्पिन गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 10 रन देकर दो विकेट हासिल किए। नवनीत कुमार ने 11वें ओवर में सिद्धार्थ यादव को आउट कर गोरखपुर को एक और झटका दिया। उस समय मुकाबला रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका था और गोरखपुर को 29 गेंदों में 26 रन की आवश्यकता थी। ऐसे समय में पार्थ पलावत ने 25 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। हालांकि भुवनेश्वर कुमार ने उन्हें अंतिम से पहले वाले ओवर में आउट कर मुकाबले में रोमांच बनाए रखा।
अंतिम ओवर में गोरखपुर को जीत के लिए तीन रन की आवश्यकता थी। शिवम शर्मा ने चौका लगाकर टीम को चार विकेट से जीत दिला दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित