अमरोहा , अगस्त 6 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार को सैदनगली थाना क्षेत्र के ताजपुर डूंगर गांव में निर्माणाधीन मकान का लेंटर भरभराकर गिर जाने से छह वर्षीय मासूम समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस एवं प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार गुरुवार तड़के से हो रही रुक-रुककर बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ यात्रियों को भी जलभराव और खराब मौसम के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बदायूं-बिल्सी-बिजनौर स्टेट हाईवे-51 पर मंडी धनौरा क्षेत्र के कलाली मार्ग स्थित बाढ़ खंड नाले में उफान आने से आवागमन भी प्रभावित रहा। अमरोहा, हसनपुर, जोया, गजरौला, मंडी धनौरा तथा नौगांवा सादात के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रही।

इसी दौरान सैदनगली थाना क्षेत्र के ताजपुर डूंगर गांव में निर्माणाधीन मकान का ताजा ढला लेंटर अचानक गिर गया। बताया गया कि बारिश से बचने तथा लेंटर ढलाई के बाद आयोजित दावत में शामिल होने के लिए कई लोग लेंटर के नीचे खड़े थे। तेज बारिश और मिट्टी के दबाव के कारण लेंटर अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा, जिससे कई लोग मलबे में दब गए।

स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान मीनू (30), जसप्रीत (6) तथा सुमरती (60) की मृत्यु हो गई, जबकि शिवम और प्रशांत का उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्र में राहत कार्यों के साथ-साथ जलभराव और यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने में जुटी हैं। बारिश के चलते जिले के कई हिस्सों में जल निकासी की समस्या बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से जर्जर और निर्माणाधीन भवनों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित